देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर अपनी मंशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान चुनाव लड़ने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। हालांकि, प्रदेश नेतृत्व चाहेगा तो वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। हरीश रावत ने हरिद्वार जिले की खानपुर, लक्सर या आसपास की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
दिल्ली से लौटने के बाद हरीश रावत ने बताया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ उनकी मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। इस दौरान उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने उत्तराखंड में कांग्रेस को सत्ता में लाने और कम से कम 45 विधानसभा सीटें जीतने का रोडमैप भी रखा।
चुनाव लड़ने के सवाल पर हरदा ने कहा कि वह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उन्हें किसी पद की महत्वाकांक्षा नहीं है। चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को करना है। उन्होंने कहा कि खानपुर और लक्सर क्षेत्र की जनता चाहती है कि वह एक बार उनका प्रतिनिधित्व करें। हालांकि, अंतिम निर्णय पार्टी को ही लेना है। अगर पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं देती है, तब भी वह कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।
हरीश रावत ने बताया कि वह जल्द ही राष्ट्रीय नेताओं से दोबारा मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस को स्थानीय मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाने और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने की जरूरत है।
