उत्तराखंड में पंचायत स्तर पर भाजपा ने अपनी राजनीतिक पकड़ और मजबूत कर ली है। टिहरी जिले की जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। उनके पार्टी में शामिल होने के साथ ही जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुख अब भाजपा के हो गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी 65 पार के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है और इसमें हर नेता व कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सीता पंवार समेत कई जनप्रतिनिधियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान कनिष्ठ प्रमुख जौनपुर मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी, सात क्षेत्र पंचायत सदस्यों और एक दर्जन ग्राम प्रधानों ने भी भाजपा का दामन थामा। सभी नए सदस्यों का पटका और फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि विकास की सरकार तीसरी बार बनाने के लिए जनता के बीच बढ़ रहे समर्थन के कारण जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा राजनीतिक दल है, जहां पोस्टर लगाने और पंपलेट बांटने वाला सामान्य कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने टिहरी जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुखों के भाजपा में होने को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति को अपनी मां और पिता के बारे में सार्वजनिक रूप से क्या बोलना है, इसकी समझ नहीं है, क्या वह देश का प्रधानमंत्री बन सकता है? उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस का आंतरिक द्वंद्व भी सभी के सामने है।

भाजपा में शामिल होने वालों में जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोमवती सकलानी, पूरन सिंह बेलवाल, जसवंत पुंडीर, सुमित्रा देवी, पूर्णिमा कठैत, संगीता वर्मा और लक्ष्मी नौटियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।