ऋषिकेश: ऋषिकेश-कीर्तिनगर हाईवे पर टीजीएमओयू, यातायात कंपनी की विश्वनाथ सेवा और जीएमओयू की हिमगिरी एक्सप्रेस बसों के चालकों के बीच आगे निकलने की होड़ यात्रियों की सुरक्षा पर भारी पड़ सकती है। आरोप है कि एक-दूसरे से आगे निकलने के चक्कर में बस चालक तेज रफ्तार से ओवरटेक करते हैं। कई बार बसें गलत दिशा में भी चली जाती हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बना रहता है।
कुछ बस चालकों ने बताया कि विश्वनाथ सेवा और हिमगिरी एक्सप्रेस की बसों के बीच रोजाना आगे निकलने को लेकर प्रतिस्पर्धा रहती है। इस दौरान तेज गति से बसें दौड़ाई जाती हैं और ओवरटेक करने के लिए गलत दिशा का इस्तेमाल भी किया जाता है। इससे हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
बस चालकों का आरोप है कि परिवहन विभाग की ओर से तेज रफ्तार बसों के खिलाफ नियमित चालान की कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं, ऋषिकेश और टिहरी परिवहन विभाग की ओर से कीर्तिनगर से ऋषिकेश के बीच रात के समय चेकिंग नहीं होने के कारण हाईवे पर तेज गति से दौड़ रही बसों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। ऐसे में परिवहन विभाग से दोनों बस सेवाओं की गति नियंत्रित करने और नियमित निगरानी की मांग की जा रही है।
इस मामले में आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून अनिता चमोला ने कहा कि यदि विश्वनाथ सेवा और जीएमओयू की हिमगिरी एक्सप्रेस बसों के बीच हाईवे पर आगे निकलने की होड़ सामने आती है तो उनकी गति नियंत्रित कराई जाएगी। इसके लिए स्थानीय एआरटीओ को संबंधित परिवहन कंपनियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए जाएंगे।
