कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद नई ऊर्जा और उत्साह मिलने की बात कही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बातचीत हुई, जिससे वह खुद को काफी उत्साहित महसूस कर रहे हैं। इस मुलाकात का असर उत्तराखंड में भी दिखाई देगा।
हरीश रावत ने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ा उपहार यह है कि 80 वर्ष की उम्र में भी पार्टी नेतृत्व उन्हें उत्तराखंड और देश में कांग्रेस के लिए उपयोगी मान रहा है। नेतृत्व की ओर से मिला यह भरोसा उनके लिए बूस्टर डोज की तरह है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी पार्टी के लिए काम करते रहे हैं और आगे भी अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें अपनी धन्यवाद जनसंवाद यात्रा को लेकर भी राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने अपनी बात रखने का अवसर मिला। उन्होंने नेतृत्व को बताया कि वह लंबे समय तक बीमार रहे और एक गंभीर परिस्थिति से गुजरे। इस दौरान लोगों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर अलग-अलग तरह से चिंता जताई थी। इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनके एक सहयोगी के घर छापा मारा और उन्हें भी नोटिस देकर तलब किया।
हरीश रावत ने कहा कि उनकी धन्यवाद जनसंवाद यात्रा से पार्टी को लाभ मिल रहा था, लेकिन प्रदेश प्रभारी की ओर से यात्रा रोकने का निर्देश मिलने के बाद उन्होंने आगे की यात्रा स्थगित कर दी थी।
उन्होंने कहा कि जब कोई आगे बढ़ता है तो कई तरह की आवाजें उठती हैं और धूल भी उड़ती है। इससे कई बार वास्तविक उद्देश्य पीछे छूट जाता है। उनकी यात्रा का भी मूल उद्देश्य और लक्ष्य इन परिस्थितियों के कारण धुंधला पड़ गया था, लेकिन राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ बातचीत के बाद अब वह कुहासा छंट गया होगा।
