मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सफेद बाघ को पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को देखने का नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के अधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। यहां की वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों को सुरक्षित रखने के साथ ही नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का केंद्र भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि पहले बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। साथ ही उनमें प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दूसरी प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा था।
