हरिद्वार के शहर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती में 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के पिता के साथ फैक्टरी में काम करने वाला एक व्यक्ति रविवार रात घर में घुस आया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता फैक्टरी में काम करते हैं। आरोप है कि उनके साथ काम करने वाला व्यक्ति रविवार रात घर में घुसा और बच्ची को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। फिलहाल मासूम का एम्स में उपचार किया जा रहा है।
मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
