उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस बृहस्पतिवार को पैदल मार्च करते हुए लोकभवन कूच करेगी। कांग्रेस भवन से पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च कर लोकभवन पहुंचेंगे। यहां राज्यपाल को हस्ताक्षर युक्त बैनर और पोस्टरों की पोटली सौंपकर भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि 10 से 23 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला, ब्लॉक और महानगर मुख्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत प्रदेशभर से जुटाए गए हस्ताक्षर युक्त दस्तावेज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ और संविधान की मूल भावना का अपमान करने के विरोध में लोकभवन कूच करेगी। इस पैदल मार्च में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा समेत कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।