दून पुलिस ने भारत-नेपाल बॉर्डर से दो नाबालिग अपहृताओं को किया सकुशल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
देहरादून: दून पुलिस ने भारत-नेपाल बॉर्डर के पास स्थित सनौली कस्बे से 2 नाबालिग युवतियों को सकुशल बरामद किया है। नाबालिगों के अपहरण के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया और एक अन्य विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया।
यह मामला थाना नेहरू कालोनी और थाना क्लेमेनटाउन में पंजीकृत था। 23 मार्च को थाना नेहरू कालोनी में वादी नीरज (काल्पनिक नाम) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 14 वर्षीय बहन 22 मार्च को घर से बिना बताये कहीं चली गई थी, और काफी तलाश के बावजूद उसकी कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नाबालिग की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने परिजनों और दोस्तों से जानकारी जुटाई और पाया कि एक अन्य नाबालिग युवती भी क्लेमेनटाउन क्षेत्र से लापता है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया और सुराग जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके अलावा, सर्विलांस की सहायता से नाबालिगों के बारे में जानकारी भी एकत्रित की गई।
पुलिस की लगातार मेहनत के बाद जानकारी मिली कि दोनों नाबालिग भारत-नेपाल बॉर्डर के पास सनौली कस्बे में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 28 मार्च को दोनों नाबालिगों को सकुशल बरामद किया और अपहरणकर्ता एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया। साथ ही, एक अन्य विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया।
इस मामले में पुलिस की तत्परता और प्रयासों से दोनों नाबालिगों को सुरक्षित वापस लाया जा सका है।




