उत्तरकाशी में फिर महसूस हुए भूकंप के झटके, लोगों में दहशत का माहौल
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
उत्तरकाशी, 29 जनवरी 2025: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय में आज दोपहर को फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। जैसे ही भूकंप का झटका आया, लोग दहशत में घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। एक सप्ताह में लगातार तीन दिनों तक भूकंप के झटकों से लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दोपहर करीब 3:28 बजे भूकंप का झटका महसूस हुआ। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.7 मापी गई। इसका केंद्र तहसील भटवाड़ी के ग्राम साल्ड उपरिकोट निसमोर के मध्य वन क्षेत्र में था, जो धरती की सतह से 5 किमी नीचे स्थित था।
राज्य में इस महीने 5 बार आ चुका भूकंप
उत्तरकाशी में इससे पहले 24 जनवरी (शुक्रवार) को भी 3 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इस महीने राज्य के अन्य हिस्सों में भी भूकंप आ चुका है। बागेश्वर जिले में 10 जनवरी को रात करीब 1 बजे एक हल्का भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता 2.2 रिक्टर स्केल थी।
उत्तरकाशी में इस महीने अब तक कुल 5 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फार सिस्मोलॉजी के अनुसार, 27 जनवरी को सुबह 7:41 बजे भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 2.7 रिक्टर स्केल थी। इसके कुछ मिनटों बाद 8:19 पर फिर से झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 3.5 रिक्टर स्केल रही। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पौने ग्यारह बजे भी हल्के झटके महसूस किए। इन लगातार आ रहे झटकों से लोग अत्यधिक डर और घबराहट में हैं।
पिछले माह भी कई बार आया भूकंप
पिछले माह दिसंबर में भी राज्य में कई बार भूकंप के झटके महसूस हुए थे। नेशनल सेंटर फार सिस्मोलॉजी के अनुसार, दिसंबर में देशभर में 44 भूकंप आए, जिनमें से उत्तराखंड और असम में पांच-पांच बार भूकंप आया।
आखिर भूकंप क्यों आते हैं?
भूकंप पृथ्वी की आंतरिक संरचना में बदलाव के कारण आते हैं। पृथ्वी की सतह पर 7 प्रमुख प्लेट्स होती हैं, जो लगातार एक-दूसरे से टकराती रहती हैं। जब इन प्लेट्स के बीच ज्यादा दबाव बनता है, तो वे टूटने लगती हैं और इसके परिणामस्वरूप ऊर्जा बाहर निकलने का रास्ता खोजती है, जिससे भूकंप आता है। इन्हीं टकराने वाली प्लेट्स के क्षेत्रों को ‘फॉल्ट लाइन’ कहा जाता है।




