कानपुर विश्वविद्यालय में सितंबर में आयोजित एआई मंथन 2.0 के बाद उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस्तेमाल की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में अब प्रदेश के विश्वविद्यालयों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य का आकलन करने के लिए एआई आधारित प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने सात कुलपतियों की टास्क फोर्स गठित की है। इसका उद्देश्य छात्रों की मानसिक स्थिति की समय रहते पहचान करना और उन्हें जरूरी सहयोग व उपचार उपलब्ध कराना है।

उच्च शिक्षा विभाग के उप सचिव राम जन्म चौहान के आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज (यूपीयूएमएस), सैफई के कुलपति प्रो. अजय सिंह को टास्क फोर्स का संयोजक बनाया गया है। सदस्यों में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, वीर बहादुर सिंह विश्वविद्यालय, जौनपुर के कुलपति प्रो. आरके सिंह, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलपति प्रो. बृजेंद्र सिंह और स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय, शाहजहांपुर के कुलपति प्रो. पीबी सिंह शामिल हैं।

टास्क फोर्स को 15 दिन के भीतर अपनी कार्ययोजना शासन को सौंपनी होगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, प्रदेश के विश्वविद्यालयों में संचालित काउंसिलिंग सेंटर, मेंटर-मेंटी योजना, हैप्पी थिंकिंग लैब, वेलनेस और म्यूजिक थेरेपी सेंटर की समीक्षा के बाद छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर इस तरह की पहल की जरूरत महसूस की गई।

एम्स दिल्ली की ओर से शुरू की गई ‘नेवर अलोन’ यानी ‘आप अकेले नहीं हैं’ पहल के तहत राज्य विश्वविद्यालयों में छात्रों की मानसिक स्थिति की स्क्रीनिंग, समय पर हस्तक्षेप और उपचार की व्यवस्था की जाएगी। एआई आधारित प्लेटफॉर्म के जरिए छात्रों की मानसिक स्थिति और उनकी जरूरतों का आकलन किया जाएगा, ताकि समस्या सामने आने पर समय रहते उन्हें उचित सहायता मिल सके।

पढ़ाई और घरेलू दबाव से निपटने में मिलेगी मदद

एआई आधारित आकलन से छात्रों की मानसिक स्थिति की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे पढ़ाई के दबाव के साथ घरेलू परिस्थितियों के कारण पैदा होने वाले मानसिक तनाव से निपटने में भी मदद मिलेगी। उच्च शिक्षा के दौरान करियर की चिंता युवाओं पर सबसे अधिक दबाव डालती है। ऐसे में यह पहल छात्रों की समस्याओं को समय रहते पहचानने और उनके समाधान में सहायक हो सकती है।