भारत तिब्बत सीमा पुलिस को मिले 36 नए युवा अधिकारी, मसूरी में पासिंग आउट परेड का आयोजन
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
मसूरी – भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) को आज 36 नए युवा अधिकारी मिल गए हैं। इन अधिकारियों ने एक वर्ष के कठिन प्रशिक्षण के बाद आज मसूरी में आयोजित पासिंग आउट परेड में अंतिम पग भरे और आईटीबीपी की मुख्यधारा में शामिल भी हो गए।
परेड में कुल 36 अधिकारी शामिल हुए, जिनमें 27 सहायक सेनानी/जीडी और 6 माह के कठिन प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद एक उप सेनानी/ वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी और 8 सहायक सेनानी/चिकित्सा अधिकारी हैं, जिनमें 4 महिला चिकित्सा अधिकारी भी शामिल हैं। इस भव्य दीक्षांत और शपथ ग्रहण समारोह में युवा अधिकारियों ने संविधान और बल के प्रति अपनी निष्ठा व समर्पण की शपथ ली।
कठोर प्रशिक्षण के बाद अधिकारियों को मिला सम्मान
इन अधिकारियों ने अपने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न ऑपरेशनल और प्रशासनिक विषयों में गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें युद्ध कौशल, शस्त्र संचालन, शारीरिक प्रशिक्षण, आसूचना, फील्ड इंजीनीयरिंग, मानचित्र अध्ययन, कानून और मानवाधिकार से संबंधित विषय शामिल थे।
मुख्य अतिथि ने की अधिकारियों की सराहना
परेड में आईटीबीपी के अपर महानिदेशक, वैस्टर्न कमांड, संजय कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पासिंग आउट परेड में शामिल सभी अधिकारियों को बल की मुख्यधारा में शामिल होने पर बधाई दी।
संजय कुमार चौधरी ने कहा, “भारत तिब्बत सीमा पुलिस की अग्रिम चौकियां 9000 से 18750 फीट की ऊंचाई पर स्थित हैं, जहां तापमान माइनस 45 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। इन अग्रिम चौकियों पर तैनात अधिकारियों से असाधारण धैर्य, त्याग और साहस की मांग की जाती है। मुझे पूरा विश्वास है कि ये युवा अधिकारी अपने साहस और समर्पण से इन चुनौतियों का सामना करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “आईटीबीपी का इतिहास गौरवशाली रहा है, और बल को नए अधिकारियों से बहुत उम्मीदें हैं। प्रशिक्षिण के दौरान जो ज्ञान और कौशल सीखा है, वह उन्हें हर चुनौती का सामना करने में सक्षम बनाएगा। साथ ही, बल की पुरानी परंपराओं के साथ नए विचारों का भी समावेश होना चाहिए।”
अधिकारियों के प्रशिक्षण का विस्तार
इन अधिकारियों का चयन विभिन्न राज्यों से हुआ है, जिनमें हरियाणा से 7, उत्तर प्रदेश से 6, केरल से 4, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से 3-3, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु और मणिपुर से 2-2, और महाराष्ट्र, बिहार, कर्नाटका और लद्दाख से 1-1 अधिकारी शामिल हैं।
नए अधिकारियों को मिला प्रोत्साहन
इस अवसर पर सभी नए अधिकारियों को बल की मुख्यधारा में शामिल होने पर शुभकामनाएं दी गई और उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की गई। पासिंग आउट परेड ने नए अधिकारियों को आगे आने वाली कठिन चुनौतियों के लिए तैयार किया और उनके साहसिक प्रयासों की सराहना भी की गई।




