मसूरी-देहरादून मार्ग की खस्ताहाल सड़कों से पर्यटन पर संकट, वीकेंड पर लगा लंबा जाम — होटल कारोबारियों में नाराजगी
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

मसूरी। बारिश और आपदा के बाद अब मसूरी-देहरादून मार्ग की जर्जर हालत ने पर्यटन पर संकट खड़ा कर दिया है। रविवार को वीकेंड पर घंटों लंबा जाम लगने से कई पर्यटक मसूरी नहीं पहुंच पाए, जिसके चलते होटलों की बुकिंग रद्द करनी पड़ी।
इससे होटल कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और उन्होंने सरकार से तुरंत सड़क मरम्मत की मांग की है। आपदा के बाद से मसूरी-देहरादून मार्ग और अन्य संपर्क सड़कों की मरम्मत कार्य में सुस्ती बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढे और चल रहे निर्माण कार्य यात्रियों की परेशानी का कारण बन गए हैं। रविवार को कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे कुछ पर्यटक मसूरी तक नहीं पहुंच पाए और जो वापसी पर थे, वे देर रात तक फंसे रहे, मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया —
“रविवार को जाम इतना भयंकर था कि कई होटलों की बुकिंग रद्द करनी पड़ी।
कुछ होटल संचालकों को पहले से ली गई बुकिंग राशि भी लौटानी पड़ी।
यह पर्यटन के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है, क्योंकि आने वाले हफ्तों में
क्रिसमस, न्यू ईयर और विंटर लाइन कार्निवल जैसे बड़े आयोजन होने वाले हैं।”
उन्होंने कहा कि आपदा और ऑफ-सीजन से पहले ही प्रभावित होटल व्यवसाय अब खराब सड़कों और जाम की समस्या से और अधिक नुकसान झेल रहा है। कई पर्यटक घंटों की परेशानी के बाद मसूरी पहुंचे बिना ही लौट गए। मसूरी होटल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की है कि मसूरी-देहरादून मार्ग, किमाड़ी रोड और कोल्हूखेत–झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग को तुरंत दुरुस्त किया जाए। वैली ब्रिज के पास एक नया पुल बनाया जाए, ताकि दोनों दिशाओं में यातायात सुचारू रूप से चल सके। एसोसिएशन ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आपदा के बाद 24 घंटे में अस्थायी वैली ब्रिज बनवाना सराहनीय कदम था,
लेकिन अब स्थायी समाधान की आवश्यकता है।
“यदि आने वाले कुछ हफ्तों में सड़कें ठीक नहीं की गईं,
तो क्रिसमस और नए साल के सीजन में पर्यटन कारोबार को भारी नुकसान हो सकता है।”
— संजय अग्रवाल, अध्यक्ष, मसूरी होटल एसोसिएशन
होटल एसोसिएशन ने इस समस्या को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को भी ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया है कि मसूरी-देहरादून मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए और पर्यटकों की आवाजाही सुचारू की जाए।




