मानसून सत्र को देखते हुए मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 130 करोड़ की धनराशि स्वीकृत
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मानसून सत्र, 2024 के दृष्टिगत राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत होने वाले मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए राज्य के सारे जिलाधिकारियों के निवर्तन पर ₹10 करोड़ की दर से कुल ₹130 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करते हुए सचिव, आपदा प्रबन्धन विभाग को निर्देशित किया गया है कि तत्काल उक्त धनराशि जनपदों को आवंटित की जाय। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री द्वारा समस्त जिलाधिकारियों को यह निर्देशित किया गया है कि मरम्मत व पुनर्निर्माण मद में स्वीकृत की गयी धनराशि से जल्द से जल्द आपदा से क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों का सुधार कराया जाय।
विगत दिनों मानसून को लेकर आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए थे कि आपदा के अंतर्गत होने वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और मरम्मत और पुनर्निर्माण के कार्यों में जितनी धनराशि की आवश्यकता है, उसे तत्काल सभी जनपदों को दिया जाए। इसी क्रम में बीते गुरुवार को शासन द्वारा एस०डी०आर०एफ० मद से क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की मरम्मत व पुनर्निर्माण कार्यों के लिये ₹130.00 करोड़ स्वीकृत कर दिये गये हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है और सभी विभागों की पुख्ता तैयारी है। सरकार का मंतव्य स्पष्ट है कि आपदाओं के चलते आम जनमानस को कम से कम मुश्किलों का सामना करना पड़े। इसी लक्ष्य के साथ सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा है कि आपदा के बाद राहत और बचाव कार्यों को तत्परता के साथ संपादित किया जा रहा है। आपदा संबंधी कार्यों में पैसों की कमी नहीं आने दी जाएगी। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मानसून सीजन में आम लोगों को बिजली, पानी, खाद्यान्न, चिकित्सा आदि से संबंधित किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग लगातार हालात की निगरानी कर रहा है। राज्य व जनपद स्तर पर आपातकालीन परिचालन केंद्र 24X7 कार्यरत हैं और आम जनता को राहत पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।




