उत्तराखंड में बारिश का कहर: कई हाईवे बंद, नदियां उफान पर; मौसम विभाग का ऑरेंज और यलो अलर्ट
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन और चारधाम यात्रा पर साफ दिखाई देने लगा है। भूस्खलन, मलबा, चट्टान और पेड़ गिरने से राज्य के कई प्रमुख हाईवे बाधित हो गए हैं। यमुनोत्री हाईवे, केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग, सिमली-ग्वालदम हाईवे और कर्णप्रयाग-बेनीताल मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालु और स्थानीय लोग फंस गए, जबकि पिंडरघाटी में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और बस सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
बड़कोट क्षेत्र में रातभर हुई बारिश के बाद सिलाई बैंड, दुर्बिल बैंड और जंगलचट्टी समेत कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया। लगातार भूस्खलन के चलते मार्ग खोलने का कार्य भी प्रभावित हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही रुक गई है।
रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा बाजार में गदेरे के उफान से भारी मात्रा में मलबा केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर कुछ समय बाद यातायात बहाल कर दिया। वहीं कर्णप्रयाग-बेनीताल मोटर मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा और लंगासू में एक मकान के पीछे का पुश्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया।
चमोली जिले में बगोली-नलगांव के बीच आमसौड़ के पास चट्टान खिसकने से सिमली-ग्वालदम हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है। लगातार बारिश के कारण सीमा सड़क संगठन (BRO) को मार्ग खोलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे बंद होने से नारायणबगड़ और पिंडरघाटी क्षेत्र में दूध, सब्जी सहित जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है। लंबी दूरी की बस सेवाएं भी बंद हैं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है। वहीं पिंडर नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
उधर स्यानाचट्टी में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से हालात अब भी सामान्य नहीं हो पाए हैं। पिछले एक सप्ताह से कई होटलों की पहली मंजिल तक पानी भरा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश के बाद अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार अलकनंदा का जलस्तर 627.80 मीटर और मंदाकिनी का जलस्तर 626.60 मीटर रिकॉर्ड किया गया। प्रशासन की ओर से नगर पालिका और नगर पंचायतों के माध्यम से लाउडस्पीकर से लोगों को नदी किनारों से दूर रहने और अनावश्यक रूप से नदी के पास नहीं जाने की अपील की जा रही है।
मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से परहेज करने की अपील की है। साथ ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731




