उत्तराखंड में बारिश का कहर: सीएम धामी ने जारी किया हाई अलर्ट, 85 सड़कें बंद; नदियां उफान पर, कई इलाकों में भूस्खलन
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से प्रदेश के विभिन्न जिलों की स्थिति की जानकारी ली और सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। फिलहाल राज्यभर में कुल 85 सड़कें बंद हैं। इनमें चमोली में सबसे अधिक 20, पिथौरागढ़ में 13, बागेश्वर में 10, देहरादून में 7, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 6-6, टिहरी में 8, नैनीताल में 8, पौड़ी में 5 और अल्मोड़ा में 2 सड़कें शामिल हैं। उधर विजयनगर-तैला मोटर मार्ग पर एक बार फिर भारी मलबा और बोल्डर आने से यातायात बाधित हो गया। यह मार्ग 80 से अधिक गांवों की जीवनरेखा माना जाता है और मानसून के दौरान लगातार भूस्खलन की चपेट में आ रहा है।
रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार अलकनंदा का जलस्तर 627.80 मीटर और मंदाकिनी का 626.60 मीटर रिकॉर्ड किया गया। प्रशासन ने नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के माध्यम से लोगों से नदी किनारों से दूर रहने और अनावश्यक रूप से नदी के पास नहीं जाने की अपील की है।
उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे के सिलाई बैंड के पास बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। यमुनोत्री धाम से लौट रहे उत्तर प्रदेश के दो कांवड़ यात्री अचानक पहाड़ी से गिरे मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। जान बचाने के लिए दोनों को अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भागना पड़ा। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील स्थानों पर स्थायी प्रकाश व्यवस्था की मांग की है ताकि रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा कम हो सके।
टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के घुत्तू बाजार में देर रात भारी बारिश के बाद भीषण भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से आए भारी मलबे ने कई मकानों को खतरे में डाल दिया और एक वाहन मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रभावित भवनों का आकलन किया जा रहा है तथा जरूरत पड़ने पर परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। एसडीएम मंजू राजपूत ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेज दिया गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731




