विकासनगर में किडनी की बीमारी से जूझ रही महिला को इलाज के लिए सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी में उसके बैंक खातों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र के ढुईक गांव निवासी चमन को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के भारतीय स्टेट बैंक और केनरा बैंक में खाते खुलवाए और उनकी पासबुक, एटीएम कार्ड व खाते से जुड़े सिम कार्ड अपने पास रख लिए। इसके बाद महिला के एक खाते में साइबर ठगी के 50 हजार रुपये आए, जिन्हें आरोपी ने एटीएम से निकाल लिया। इसके बदले महिला को कोई रकम नहीं दी गई।

साइबर सेल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। महिला से पूछताछ और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे विकासनगर में पुल नंबर एक के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से दो बैंक पासबुक, एक एटीएम कार्ड और एक सिम कार्ड बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। वर्ष 2017 में उसके खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी सहायता, कमीशन या अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अनजान लोगों को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक या सिम कार्ड न सौंपें। ऐसी लापरवाही से साइबर अपराध में बैंक खाते का दुरुपयोग हो सकता है।