उत्तराखंड में शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त और मान्यता के लिए आवेदन करने वाले 206 मदरसों में अब शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश नहीं होगा। इन मदरसों में अन्य विद्यालयों की तरह निर्धारित साप्ताहिक छुट्टी की व्यवस्था लागू की जाएगी।

राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण के मुताबिक, शिक्षा विभाग से मान्यता लेने वाले मदरसों को विभागीय नियमों और शैक्षिक मानकों का पालन करना होगा।

प्रदेश में अब तक 76 मदरसों को शिक्षा विभाग से मान्यता मिल चुकी है, जबकि 114 मदरसों ने मान्यता के लिए आवेदन किया है। प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी के अनुसार, इन 206 मदरसों के 30 हजार से अधिक बच्चे मुख्यधारा की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ चुके हैं।

वहीं, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के निदेशक कुंवर सिंह रावत ने कहा कि मान्यता प्राप्त मदरसों को राजकीय विद्यालयों में लागू नियमों का पालन करना होगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।