रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला देर रात सांवल्दे गांव के पास का है, जहां बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बाइक सवार 55 वर्षीय दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, स्कूटी सवार दो युवतियों समेत तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

सांवल्दे गांव के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रामनगर के बम्बाघेर निवासी 55 वर्षीय दीपक मसी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सांवल्दे गांव के पास सामने से आ रही स्कूटी से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। स्कूटी पर तीन लोग सवार थे। स्कूटी कानिया गांव निवासी 25 वर्षीय दीपक आर्या चला रहे थे। उनके साथ कानिया निवासी 26 वर्षीय पूजा और नैनीताल के ज्योलिकोट निवासी 20 वर्षीय दिव्या भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां इसी मार्ग पर स्थित एक रिसॉर्ट में काम करती हैं।

एक की मौत, तीन घायलों को हायर सेंटर रेफर किया

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दीपक मसी समेत चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल की चिकित्सक डॉ. सारिका के अनुसार, दुर्घटना के बाद चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें दीपक मसी की मौत हो चुकी थी। अन्य तीनों घायलों के सिर में चोटें आई थीं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीटी स्कैन और न्यूरोसर्जरी विभाग में उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। चिकित्सक ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

दुर्घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस जांच कर रही है कि बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना की वजह क्या रही। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।