बागेश्वर जिले में सोमवार को अलग-अलग घटनाएं सामने आने से पुलिस और प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गईं। मजियाखेत से एक विवाहिता के लापता होने, जिला अस्पताल में कार्यरत क्लर्क की स्कूटी गोमती नदी के किनारे मिलने और एक युवक का किराए के कमरे में मृत पाए जाने के मामले सामने आए। लापता क्लर्क का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि महिला की तलाश जारी है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
घर से नाराज होकर निकली महिला, मोबाइल फोन छोड़ गई
मजियाखेत के तहसील रोड निवासी सविता (23), पत्नी दीपक कुमार, सोमवार शाम घर पर किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद कहीं चली गईं। परिजनों के मुताबिक, वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई हैं। उनके लापता होने के बाद परिवार के लोग परेशान हैं। पुलिस और परिजन आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश कर रहे हैं।
गोमती नदी के पास मिली स्कूटी, लापता क्लर्क का शव बरामद
अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र के ग्राम एराड़ पंतकोटली निवासी मोहित मेहरा, पुत्र मोहन सिंह मेहरा, बागेश्वर जिला चिकित्सालय में मृतक आश्रित कोटे से क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। वह वर्तमान में अड़ौली में किराए के कमरे में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मोहित बीती देर शाम से लापता थे। उनकी स्कूटी द्यांगण-नदीगांव बाईपास के पास गोमती नदी के किनारे लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस और परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अब उनका शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किराए के कमरे में मृत मिला युवक, पोस्टमार्टम आज
एक अन्य घटना में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी 27 वर्षीय मुकेश राठौर, पुत्र आनंद राठौर, नुमाइशखेत के दुग बाजार स्थित अपने किराए के कमरे में मृत पाए गए। वह बागेश्वर में सरयू पुल के पास मसाले की दुकान चलाते थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
