नवंबर से फरवरी के बीच दिखती है आसमान में लाल, नारंगी और सुनहरे रंगों की अनूठी छटा

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में इन दिनों विंटर लाइन का अद्भुत नजारा पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। सूर्यास्त के समय दून घाटी के आसमान में लाल, नारंगी और सुनहरे रंगों की अनूठी छटा दिखाई दे रही है। इस प्राकृतिक नजारे को देखने के लिए पर्यटक माल रोड पर ठहर रहे हैं और बदलते रंगों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।

विंटर लाइन को मसूरी की प्राकृतिक खूबसूरती का खास हिस्सा माना जाता है। यह नजारा सामान्यतः नवंबर से फरवरी के बीच दिखाई देता है और अनुकूल परिस्थितियों में करीब 15 से 20 मिनट तक आसमान में रंगों की खूबसूरत पट्टी नजर आती है। क्षितिज पर उभरने वाले ये रंग सूर्यास्त के दृश्य को खास बना देते हैं।

मसूरी के कई स्थानों से दिखता है विंटर लाइन का नजारा

साफ मौसम में सूर्यास्त के समय आसमान में रंगों की बदलती छटा देखने के लिए पर्यटक मसूरी के कई स्थानों पर पहुंचते हैं। इनमें माल रोड, लालटिब्बा, गनहिल, विंसेट हिल, सिस्टर बाजार, राधा भवन स्टेट, सर्कुलर रोड, कुलड़ी और शहर के दक्षिणी हिस्से शामिल हैं।

मसूरी के अलावा स्विट्जरलैंड में भी विंटर लाइन का नजारा देखने को मिलता है। यही वजह है कि यह प्राकृतिक घटना मसूरी की पर्यटन पहचान का अहम हिस्सा मानी जाती है।

मसूरी की अलग पर्यटन पहचान

प्रसिद्ध लेखक गणेश सैली ने कहा कि दुनिया के पर्यटन स्थलों में मसूरी की अपनी अलग पहचान है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और विंटर लाइन जैसे अनूठे नजारे पर्यटकों को खास अनुभव देते हैं। सूर्यास्त के समय आसमान में रंगों की खूबसूरत छटा मसूरी आने वाले सैलानियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।