गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में मंगलवार को विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार के अनुपूरक बजट में प्रदेश के सर्वांगीण विकास पर फोकस किया गया है। बजट में कुछ नई योजनाओं को शामिल किया गया है। इसके साथ ही नवाचार को बढ़ावा देने और मौजूदा योजनाओं को गति देने के लिए भी प्रावधान किए गए हैं।
विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। विपक्ष भी सरकार को बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्य विधानसभा के भीतर होंगे।
दिवालीखाल में प्रधान संगठन के प्रदर्शनकारियों को बस में बैठाकर ले गई पुलिस
विधानसभा सत्र के बीच दिवालीखाल में प्रदर्शन कर रहे प्रधान संगठन के लोगों को पुलिस ने बस में बैठाकर वहां से ले गई। वहीं, यूकेडी के युवा भी डुग्थंबा बैरियर पर पहुंचे। यहां उन्होंने ‘जय पहाड़, जय पहाड़ी’ के नारे लगाए और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग के समर्थन में आवाज उठाई।
यशपाल आर्य बोले- राजनीति अपनी जगह, कर्मयोगियों के विचारों का अनुसरण करना चाहिए
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सदन में कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन कर्मयोगियों के विचारों का अनुसरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी के निधन से कांग्रेस परिवार और श्रमिक भाइयों को बड़ी क्षति हुई है।
सतपाल महाराज ने बीसी खंडूड़ी के योगदान को किया याद
सदन में मंत्री सतपाल महाराज ने पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को याद करते हुए कहा कि वह समय के बेहद पाबंद थे। उन्होंने रिखणीखाल में आयोजित एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि बारिश के बावजूद खंडूड़ी समय पर पहुंचे थे, जबकि लोग छाता लेकर उनका इंतजार कर रहे थे।
सतपाल महाराज ने कहा कि खंडूड़ी का मानना था कि पहाड़ों में सड़क सबसे अहम है। उत्तराखंड में उन्हें ‘रोड मैन’ के नाम से भी जाना जाता है।
