उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस 10 से 30 नवंबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। इस दौरान जिला, ब्लॉक और नगर स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर इस अभियान का निर्णय लिया गया है। अभियान के तहत 23 नवंबर को प्रदेश प्रभारी सैलजा की मौजूदगी में कांग्रेस मुख्यालय से लोकभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान एकत्रित किए गए हस्ताक्षर राज्यपाल को सौंपकर भाजपा सरकार पर लगे आरोपों की जांच की मांग की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान का पहला चरण 10 से 15 नवंबर तक चलेगा, जबकि अंतिम चरण 25 से 30 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। अंतिम चरण में जिला और महानगर मुख्यालयों पर नुक्कड़ नाटकों के जरिए सांकेतिक अदालतें लगाई जाएंगी। इनमें भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और जनहित से जुड़े मुद्दों पर घेरा जाएगा।

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिला और विधानसभा प्रभारियों को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान के जरिए प्रदेशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद की जाएगी।