देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार को सुसवा नदी किनारे जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान क्लेमेनटाउन निवासी 50 वर्षीय एरिक जॉन के रूप में हुई है। वह पेशे से इलेक्ट्रिशियन था और सात नवंबर को काम पर जाने के बाद से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह सूचना मिली कि नोका-दूधली रोड पर राजपूताना फार्म से आगे सड़क किनारे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। व्यक्ति का शव दाहिनी करवट पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की मदद से उसकी पहचान एरिक जॉन पुत्र जॉन शेरी, निवासी छोटा भारूवाला, ओस्ले लेन, क्लेमेनटाउन के रूप में हुई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि एरिक जॉन इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। सात नवंबर को वह काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद से ही परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को शव मिलने की सूचना से परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।