उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मौजूदा हालात, राज्य आंदोलनकारियों के सपनों और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने दोहराया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाया जाएगा।
गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड आज भी शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों और प्रदेश की जनता के सपनों के अनुरूप नहीं बन पाया है। राज्य निर्माण के समय आंदोलनकारियों ने जिस उत्तराखंड की परिकल्पना की थी, उसे साकार करने के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य असंभव नहीं है, बल्कि ठोस प्रयासों से इसे हासिल किया जा सकता है।
गोदियाल ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के साथ प्रत्येक व्यक्ति को अपनी ग्रामसभा के दायरे में रोजगार उपलब्ध कराना, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना राज्य के प्रमुख मुद्दे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं ने अपने हितों को साधने के लिए राज्यहित से समझौते किए हैं, जिससे प्रदेश के सम्मान को ठेस पहुंची है।
वहीं, प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अपने कृत्यों को छिपाने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह सरकार के कामकाज और कथित अनियमितताओं को घर-घर तक पहुंचाए और जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराए।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से कांग्रेस की ओर से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। राज्य स्थापना दिवस पर जनता के सामने अपना संकल्प दोहराते हुए गोदियाल ने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो कांग्रेस गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने और शहीदों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के विकास की दिशा में काम करेगी।
