उत्तराखंड में 23 साल पुराने असम की महिला से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। पीड़िता के दोबारा सामने आने और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाने के बाद भाजपा लगातार कांग्रेस को घेर रही है। इसी बीच कैबिनेट मंत्री खजान दास ने भी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए।
दरअसल, 9 नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून में धामी सरकार ने विकास पुस्तिका का विमोचन किया। इस पुस्तिका के जरिए सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने असम की पीड़िता के मामले पर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि पीड़िता ने जिस तरह मीडिया के सामने अपनी बात रखी है, वह बेहद पीड़ादायक है। उनकी बातों से लगता है कि वह किसी की संपत्ति नहीं चाहतीं, बल्कि अपने बेटे को सिर्फ उसके पिता का नाम दिलाना चाहती हैं। खजान दास ने कहा कि पीड़िता ने सीधे तौर पर हरक सिंह रावत पर आरोप लगाए हैं और इन आरोपों के बाद हरक सिंह रावत काफी बौखलाए हुए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि एक सम्मानित व्यक्तित्व होने के नाते हरक सिंह रावत को अपने शब्दों का चयन ठीक रखना चाहिए।
वहीं, कांग्रेस की ओर से इस मामले को भाजपा की साजिश बताए जाने पर खजान दास ने कहा कि यह मामला लंबे समय बाद सामने आया है और इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की बात हो रही है, ऐसे में असम की पीड़िता के दर्द को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसे भाजपा की साजिश बताना दुर्भाग्यपूर्ण है।
क्या है 23 साल पुराना मामला?
दरअसल, वर्ष 2003 में असम की एक नाबालिग लड़की ने देहरादून में एक बच्चे को जन्म दिया था। उस समय बच्चे के पिता होने के आरोप तत्कालीन कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर लगे थे। इस विवाद के बाद उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। मामले की सीबीआई जांच भी हुई थी, जिसमें हरक सिंह रावत को क्लीन चिट मिलने की बात सामने आई थी।
हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से इस पुराने मामले का जिक्र किए जाने के बाद पीड़िता एक बार फिर सामने आईं। उन्होंने देहरादून में प्रेस वार्ता कर हरक सिंह रावत पर दोबारा गंभीर आरोप लगाए। पीड़िता का दावा है कि घटना के समय उनकी उम्र 16 साल थी और उन्हें डराया-धमकाया गया था। अब वह न्याय चाहती हैं।
वहीं, हरक सिंह रावत ने पीड़िता के आरोपों को खारिज करते हुए इसे भाजपा की राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि 23 साल पहले उनका डीएनए टेस्ट हुआ था, जिसमें वह बेगुनाह साबित हुए थे और अदालत ने भी उन्हें निर्दोष माना था। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी मामले से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इस पुराने प्रकरण को दोबारा उठा रही है।
