राजधानी देहरादून में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। बीते 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग हत्याओं की घटनाएं सामने आई हैं। ताजा मामला राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन का है, जहां नशे के लिए रुपये नहीं मिलने पर एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चलांग कुल्हन निवासी 62 वर्षीय मदन राणा पर उनके बेटे नितिन राणा ने चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 35 वर्षीय नितिन राणा नशे का आदी है। सोमवार शाम वह अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये देने से इनकार करने पर वह दरांती लेकर भांजे पर हमला करने दौड़ा। ऋषभ ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

इसी दौरान पिता मदन राणा बेटे को समझाने और रोकने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से नाराज नितिन ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

देहरादून में इससे पहले हुई दो हत्याएं

राजधानी में हत्या की पहली घटना सुरी चौक पर सामने आई, जहां लड़कों के बीच हुए विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अर्श के दोस्त ही उसे अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे और इसके बाद वहां से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला की है। यहां संपत्ति विवाद में गौरव नाम के युवक की खुखरी से हमला कर हत्या कर दी गई। इस हमले में उसका चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ था। घटना के बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

लगातार तीन हत्याओं की घटनाओं से देहरादून में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस तीनों मामलों की जांच में जुटी है।