दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए दिल्ली के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह को फोन और व्हाट्सएप मैसेज भेजा। शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने धमकी दी कि अगर सात करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या कर दी जाएगी। विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर कॉल आई थी और व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया था। व्हाट्सएप पर आरोपी का प्रोफाइल नाम ‘एच’ दिखाई दे रहा था।

कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कह दिया जाए, अन्यथा उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने फोन पर धमकी देने के साथ उसी नंबर से लिखित संदेश भी भेजा, जिसमें फिरौती की मांग और हत्या की धमकी दोहराई गई।

विधायक ने शिकायत में कहा कि आरोपी ने उनकी जनप्रतिनिधि की हैसियत का इस्तेमाल करते हुए केजरीवाल तक फिरौती की मांग और धमकी पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।

विधायक ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), आईपी लॉग और लोकेशन की जांच करने की मांग की है। साथ ही आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी करने और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर अरविंद केजरीवाल व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। शिकायत के साथ व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा गया है।