देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग व आपसी झगड़ा करने वाले 8 लोगों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट पर उतारू भी हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की शाम थाना रायपुर को सूचना मिली कि क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा है और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से झगड़ भी रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत होने के बजाय और भी उग्र हो गए।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर संज्ञेय अपराध होने की आशंका के चलते दोनों पक्षों के कुल 8 लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार भी कर लिया।

गिरफ्तार किए गए लोगों में अजय कुमार (23), आयुष (25), गौरव कुमार (26) और अरचित (23), सभी निवासी डांडा लखौंड, थाना रायपुर शामिल हैं। इनके अलावा आकाश मराठा (22), निवासी नागल हटनाला, थाना राजपुर, शुभम रावत (22), निवासी अपर चिड़ोवाली, वकुल मखीजा (23), निवासी सरस्वती विहार, रायपुर रोड और ओम जुयाल (21), निवासी चिड़ोवाली कंडोली, थाना रायपुर को भी गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ जिलेभर में पुलिस की ओर से लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।