आगरा में सास को खाने में गर्म रोटी देने की बात पारिवारिक विवाद की वजह बन गई। आरोप है कि बहू तवे से उतरी गर्म रोटी खिलाने के बाद भी सास रिश्तेदारों के सामने उसकी शिकायत करती थी। वह कहती थी कि बहू उसे खाना नहीं देती। पति भी मां की बातों को सही मानकर पत्नी को डांटता था। लगातार बढ़ते विवाद से परेशान होकर विवाहिता मायके चली गई और पति व ससुरालियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी। अब मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा है, जहां काउंसलर दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश कर रहे हैं।
शहीद नगर क्षेत्र की रहने वाली युवती ने स्नातक तक पढ़ाई की है। उसके परिजनों ने नाई की मंडी क्षेत्र के एक परिवार में उसका रिश्ता तय किया था। युवती का आरोप है कि शादी से पहले सास ने उसे खूब लाड़-प्यार दिया और आगे पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करते हुए एमए में दाखिला भी करवा दिया। फरवरी में दोनों की शादी हो गई।
विवाहिता के मुताबिक, शादी के बाद सास पति के खाना खाकर जाने के बाद दोबारा खाना बनवाती थी। वह तवे से उतरी हुई बिल्कुल गर्म रोटी ही खाना पसंद करती थी। रोटी थोड़ी भी ठंडी होने पर उसे वापस कर देती थी। बहू का कहना है कि वह सास की सेवा और उनकी पसंद का पूरा ध्यान रखती थी, लेकिन जब भी कोई रिश्तेदार घर आता तो सास उसके सामने बहू की शिकायत करने लगती थी। वह कहती थी कि बहू ताजा खाना नहीं बनाती और एक बार खाना बनाकर पूरे दिन ठंडा खाना खिलाती है।
विवाहिता ने जब इस बारे में पति से बात की तो वह भी मां का पक्ष लेने लगा और पत्नी को डांटता था। शुरुआत में इस बात को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन धीरे-धीरे गर्म रोटी का विवाद बढ़ता गया। आरोप है कि मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिसके बाद गुस्से में विवाहिता मायके चली गई और पुलिस से शिकायत कर दी।
पुलिस ने मामले को सुलह के लिए परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया। पहली तारीख पर दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका। दूसरी तारीख पर भी काउंसलर ने दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत कराई, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। अब दोनों पक्षों को अगली तारीख पर बुलाया गया है।
