राजधानी लखनऊ में एक दिन में बनने वाले स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस की संख्या में करीब 98 प्रतिशत की गिरावट आई है। आवेदक ड्राइविंग टेस्ट देने के लिए काकोरी के उदितखेड़ा स्थित निजी ड्राइविंग टेस्ट सेंटर नहीं पहुंच रहे हैं। इसकी मुख्य वजह सेंटर की अधिक दूरी और वहां तक पहुंचने वाला खराब व असुरक्षित रास्ता बताया जा रहा है। हालात ये हैं कि एक दिन में बनने वाले डीएल की औसत संख्या 250 से घटकर महज पांच रह गई है।

लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए परिवहन विभाग ने ऑनलाइन व्यवस्था की है। वहीं, स्थायी लाइसेंस बनवाने के लिए अब तक आवेदकों को ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ और देवा रोड एआरटीओ जाना पड़ता था। यहां बायोमीट्रिक और दस्तावेजों की जांच के बाद ड्राइविंग टेस्ट लिया जाता था। बीते 14 सितंबर से उदितखेड़ा में शहर का पहला निजी ड्राइविंग टेस्ट सेंटर शुरू किया गया है। यहां वाहन चालकों के टेस्ट की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाती है। टेस्ट में पास होने के बाद डाक के जरिए लाइसेंस आवेदक के घर पहुंचा दिया जाता है।

हालांकि, नए सेंटर की दूरी अधिक होने के कारण आवेदकों की परेशानी बढ़ गई है। निजी ड्राइविंग टेस्ट सेंटर ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ से करीब 10 किलोमीटर दूर है, जबकि देवा रोड एआरटीओ से इसकी दूरी लगभग 40 किलोमीटर हो जाती है। आवेदकों को पहले बायोमीट्रिक जांच के लिए एआरटीओ जाना पड़ता है और इसके बाद ड्राइविंग टेस्ट देने के लिए निजी सेंटर पहुंचना होता है। खराब और असुरक्षित रास्ते के साथ अधिक दूरी की वजह से खासतौर पर महिला आवेदकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदक रश्मि सिंह ने बताया कि टेस्ट देने के लिए निजी केंद्र तक पहुंचने में उन्हें कई परेशानियां झेलनी पड़ीं।

ऐसे गिर रहा डीएल बनने का आंकड़ा

सितंबर में निजी सेंटर पर केवल 260 वाहन चालक टेस्ट देने पहुंचे। इनमें से 57 आवेदक ही ड्राइविंग टेस्ट में पास हुए। अक्टूबर में कुल 1164 आवेदकों ने टेस्ट दिया, जिनमें से 141 सफल रहे। वहीं, नवंबर में अब तक 275 आवेदक टेस्ट दे चुके हैं और इनमें से 95 के डीएल बन गए हैं। निजी सेंटर शुरू होने के बाद से एक दिन में बनने वाले लाइसेंस की औसत संख्या पांच से अधिक नहीं पहुंच पा रही है।

लखनऊ में दूसरा निजी ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर सुल्तानपुर रोड स्थित मिर्जापुर गांव में बनाया जा रहा है। इसके छह महीने में तैयार होने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से देवा रोड एआरटीओ क्षेत्र के आवेदकों को काकोरी तक नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें कुछ राहत मिल सकती है।

एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदकों को उदितखेड़ा स्थित टेस्ट सेंटर जाना अनिवार्य है। फिलहाल वहां कम संख्या में आवेदक पहुंच रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थिति बेहतर होगी।