चमोली। कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी सुबह अपने परिवार के साथ श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना कर भगवान बदरीविशाल से प्रदेशवासियों के सुख, शांति व समृद्धि की प्रार्थना की।
धाम में श्रद्धालुओं से मुलाकात करते हुए मंत्री जोशी ने यात्रा व्यवस्था व सुविधाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने बीकेटीसी द्वारा तीर्थयात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार मास्टर प्लान के तहत बदरीनाथ धाम में बेहतर सुविधाएं व सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
यात्रा के दौरान मंत्री जोशी ने रावल, तीर्थ पुरोहितों और हक-हकूक धारियों से भी भेंट की और उनसे क्षेत्र से जुड़े सुझाव भी प्राप्त किए। साथ ही स्थानीय दुकानदारों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना।
मंत्री जोशी ने कहा कि बदरीनाथ धाम की आध्यात्मिक आभा और क्षेत्र के विकास को संवारने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध भी है।
इस दौरान निर्मला जोशी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रावल अमरनाथ नंबूदरी, सीईओ विजय थपलियाल सहित कई लोग भी मौजूद रहे।
