मानसा में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के बाद वीरवार को बुलाए गए पंजाब बंद के दौरान कथित तौर पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और तोड़फोड़ करने के मामले सामने आए हैं। मानसा पुलिस ने इन मामलों में नए केस दर्ज किए हैं।
मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि पंजाब बंद के दौरान एक निहंग सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर हिंदू समाज के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्द कहे और धार्मिक भावनाएं भड़काईं। पुलिस को इस घटना का वीडियो मिलने के बाद निहंग सिंह और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी चौधरी के मुताबिक, बंद के दौरान लड़ाई-झगड़े और तोड़फोड़ की घटनाओं के वीडियो भी पुलिस को मिले हैं। इन वीडियो के आधार पर दोनों मामलों में कुछ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
