परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में आरोपी अश्वनी कुमार से शुरुआती पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पत्नी नीलम रानी को उसके इरादों की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने नीलम रानी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि अगर आरोपी की पत्नी ने समय रहते पुलिस को सतर्क कर दिया होता, तो संभव है कि इस घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने बताया कि वारदात से कुछ मिनट पहले ही अश्वनी कुमार ने अपने चाचा और एक अन्य युवक को फोन किया था। पुलिस इन फोन कॉल्स और उनसे जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एसएसपी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद अश्वनी कुमार बुलेट मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया था। इसके बाद वह बस से राजस्थान पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोहाली से नशीली दवाएं लाकर उनकी सप्लाई करता था। एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि पुलिस संबंधित विभागों के साथ मिलकर आरोपी के हथियारों के लाइसेंस और मेडिकल स्टोर के लाइसेंस जारी होने की प्रक्रिया की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी बयंत कौर को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, संबंधित विभाग से डीएसपी के खिलाफ जांच शुरू करने और आवश्यक कार्रवाई करने का औपचारिक अनुरोध भी किया गया है।
