कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सैकड़ों समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
सोमेश्वर, अल्मोड़ा: प्रदेश सरकार के 3 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने आज शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में जनसुनवाई एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने सैकड़ों समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया और कई मामलों में अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
विकासखंड ताकुला के सोमदेव ग्राउंड में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि जिन समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश दिए गए हैं, उनका परिणाम दिखना चाहिए। यदि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं लेते, तो सरकार उन अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई भी करेगी।
इस दौरान, मंत्री आर्या ने एक सड़क के टूटने की शिकायत पर पीडब्ल्यूडी विभाग को आदेश दिया कि वे उसी दिन इसका निरीक्षण करें और रिपोर्ट तैयार करें। इसके अलावा, शिविर में बिजली के बिलों की बढ़ी हुई कीमत, खंभों की कमी, झूलते हुए तारों, पेयजल की आपूर्ति में कमी, पुलों के निर्माण में आ रही दिक्कतें, और अस्पतालों में स्टाफ की कमी जैसी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इन समस्याओं का निस्तारण संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में ही किया गया।
मंत्री ने सभी अधिकारियों से कहा कि समस्याओं का समाधान एक निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। शिविर के दौरान जल निगम के मुख्य अभियंता के बजाय सहायक अभियंता के मौजूद रहने पर मंत्री ने मुख्य अभियंता से स्पष्टीकरण भी तलब किया।
कार्यक्रम के दौरान, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों, महिलाओं, उद्यमियों और किसानों को सम्मानित किया गया। साथ ही, मंत्री ने जरूरतमंदों को व्हीलचेयर और किट वितरित की और मरीजों को इलाज मुहैया कराया।
इस अवसर पर अल्मोड़ा नगर निगम के मेयर अजय वर्मा, अल्मोड़ा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष अंजलि, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कैड़ा व अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।


