उत्तराखंड में गर्मी का सितम, तापमान में लगातार बढ़ोतरी; मंगलवार से मौसम में बदलाव के आसार
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
देहरादून। उत्तराखंड में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक चटख धूप खिल रही है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी भी हो रही है। दून सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना भी है। आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में और इजाफा हो सकता है। लेकिन मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद, पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा, जबकि मैदानी इलाकों में गरज के साथ बौछार और अंधड़ चलने की संभावना भी जताई जा रही है।
रविवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप रही। दोपहर तक तापमान में वृद्धि हुई और गर्मी के कारण लोग परेशान हो गए। इस दौरान, दून का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस वर्ष का अब तक का सबसे उच्चतम तापमान है। अधिकतर मैदानी क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक था। कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन मंगलवार से ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते प्रदेशभर में आंशिक बादल छाने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है और कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का भी अनुमान है। इस स्थिति को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम तापमान:
- देहरादून: 36.0°C, 17.1°C
- ऊधमसिंह नगर: 36.6°C, 12.6°C
- मुक्तेश्वर: 25.1°C, 10.6°C
- नई टिहरी: 25.9°C, 12.8°C




