लुधियाना: पंजाब के लुधियाना स्थित डाबा की गिल कॉलोनी में शक्ति सिंह की हत्या के मामले में चोरी के सामान की बिक्री से मिले पैसों के बंटवारे और साथी की बहन से कथित छेड़छाड़ को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के बाद आरोपियों ने शक्ति सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला किया। वारदात के बाद आरोपी उसका एक हाथ अपने साथ ले गए। पुलिस ने मामले में लखवीर सिंह विक्की और दलबीर सिंह उर्फ सीडी उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया है। अदालत ने दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

चोरी के सामान के पैसों को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपियों ने कुछ समय पहले एक दुकान से सामान चोरी किया था। सामान को कम कीमत पर बेचने के बाद मिले पैसों के बंटवारे को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। इसके अलावा, शक्ति सिंह पर अपने साथी की बहन को गलत नजर से देखने का भी आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात विक्की के घर में काफी देर तक बहस हुई। शनिवार सुबह एक बार फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।

घर में हमला कर काटा हाथ

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने करीब दस मिनट तक घर में शक्ति सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला किया। इस दौरान उसके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं और उसका एक हाथ काटकर आरोपी अपने साथ ले गए।

आरोप है कि आरोपियों ने बाहर मौजूद लोगों को पुलिस को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। सामने के घर में रहने वाले परिवार ने शीशे से घटना देखने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके गेट पर भी हथियार मारा। डर के कारण लोग आरोपियों के वहां से जाने के बाद ही बाहर निकले।

डेढ़ किलोमीटर दूर मिला कटा हुआ हाथ

शक्ति सिंह की आवाजें सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायल को अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस शुरुआत में घटनास्थल के आसपास कटे हुए हाथ की तलाश करती रही। बाद में पता चला कि आरोपी हाथ को घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर राणा करियाना स्टोर के बाहर छोड़ गए थे। पुलिस के मुताबिक, दुकानदार को भी धमकाया गया था।

छह अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश

थाना डाबा के एसएचओ इंस्पेक्टर जतिंदर कुमार के अनुसार, शक्ति सिंह के खिलाफ लुधियाना के अलग-अलग थानों में मारपीट, चोरी और लूटपाट समेत करीब 12 मामले दर्ज थे।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, फरार आरोपियों राहुल बेवड़ा, माणा, गगन ढिल्लो, लाडो, मनी बाशा और अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पैसों के बंटवारे सहित विवाद के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।