रामनगर में प्रतिबंधित मांस पकड़े जाने के बाद चालक से मारपीट मामला: दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कहा कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805

रामनगर | नैनीताल जनपद के रामनगर में प्रतिबंधित मांस पकड़े जाने के शक में वाहन चालक से हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के छह दिन बाद पुलिस ने ग्राम छोई निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 23 अक्टूबर की है, जिसने क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया था।
मामले के अनुसार, 23 अक्टूबर की सुबह पीड़ित चालक बरेली से पिकअप वाहन में पालतू पशु का मांस लेकर रामनगर आ रहा था।
छोई क्षेत्र के पास कुछ लोगों ने वाहन को प्रतिबंधित मांस का शक जताते हुए रोक लिया और चालक की पिटाई कर दी। मारपीट में चालक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पीड़ित की पत्नी, निवासी गूलरघट्टी, ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर ग्राम छोई निवासी दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर भीड़ को उकसाने और चालक के साथ मारपीट करने का आरोप है।
“गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है,”
— कोतवाल सुशील कुमार, रामनगर।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 190 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पहले ही इस मामले में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष समेत पांच हिंदूवादी नेताओं और 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि घटना को पूरी संवेदनशीलता के साथ जांचा जा रहा है, ताकि किसी निर्दोष को सजा न हो और दोषी बच न पाएं। कोतवाल ने बताया कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय और कौन लोग मौके पर मौजूद थे।
“कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। अफवाहों पर ध्यान न दें,”
— कोतवाल सुशील कुमार ने कहा।




