बदरीनाथ चढ़ावा चोरी केस में SIT का एक्शन तेज, देहरादून में आरोपी के सरकारी आवास की 3 घंटे तक चली तलाशी
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731
बदरीनाथ धाम के चर्चित चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को पुलिस रिमांड पर लेकर जांच का दायरा बढ़ा दिया है। इसी क्रम में टीम बुधवार को आरोपी को साथ लेकर देहरादून पहुंची और उसके सरकारी आवास पर विस्तृत तलाशी अभियान चलाया।
करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में जांच अधिकारियों ने बैंक खातों, जमीन-जायदाद और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। साथ ही आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ कर उसकी चल और अचल संपत्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। एसआईटी अब इन दस्तावेजों का विश्लेषण कर वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
बदरीनाथ धाम थाने के प्रभारी निरीक्षक महादेव उनियाल के अनुसार, तलाशी के दौरान कोई बड़ी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली, लेकिन कई अहम दस्तावेज जांच के दायरे में आए हैं। इनकी पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इस बीच, जांच के दौरान बदरीनाथ स्थित आरोपी के सरकारी आवास से कुछ चांदी के सिक्के, चांदी का नाग, चांदी की एक प्रतिमा, नेपाली मुद्रा की 50-50 रुपये के नोटों की दो गड्डियां और लगभग पांच हजार रुपये भारतीय नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। एसआईटी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन वस्तुओं का स्रोत क्या है और क्या इनका कथित चोरी के मामले से कोई संबंध है।
पुलिस रिमांड के दौरान एसआईटी लगातार प्रमोद नौटियाल से पूछताछ कर रही है। इसी क्रम में उसे बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कार्यालय भी ले जाया गया, जहां रिकॉर्ड, वित्तीय प्रक्रिया और मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर उससे सवाल किए गए।
एसआईटी को अदालत से चार दिन की पुलिस रिमांड मिली है। इस अवधि में जांच एजेंसी दस्तावेजी साक्ष्यों, वित्तीय रिकॉर्ड और तकनीकी जानकारी का मिलान कर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731




