ताड़ीखेत-रामनगर स्टेट हाईवे पर कार खाई में गिरने से बुजुर्ग की मौत, महिला गंभीर
ताड़ीखेत। ताड़ीखेत-रामनगर स्टेट हाईवे पर आज शनिवार को एक कार बेकाबू होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 87 वर्षीय बुजुर्ग कुशाल सिंह रौतेला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला अनुराधा बिष्ट की हालत गंभीर भी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ऐराड़ी निवासी लाखन सिंह बिष्ट अपनी कार (यूके 19 4895) से ताड़ीखेत की ओर को जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही कुशल सिंह रौतेला व करन रजौरिया सवार थे। गनियाद्योली कस्बे के पास ताड़ीखेत में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षक अनुराधा बिष्ट ने लिफ्ट मांगी।
स्टेट हाईवे पर हाइडिल कालोनी के पास ढलान पर कार पर चालक लाखन सिंह का नियंत्रण ही खो गया। वाहन सड़क से नीचे जाकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में पलट गया। हादसे में कुशल सिंह व अनुराधा गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक लाखन व करन सड़क तक सुरक्षित पहुंचे और घटना की सूचना दी।
स्थानीय लोगों और 108 आपातकालीन सेवा की मदद से घायल महिला को सीएचसी ताड़ीखेत में प्राथमिक उपचार के बाद गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय में भेजा गया। वहीं, बुजुर्ग कुशल सिंह को चिकित्सकों ने मौके पर मृत ही घोषित कर दिया।




