हादसे के बाद भी सड़कों से नहीं हटे बेसहारा पशु, रुद्रपुर में अब भी हादसे का खतरा
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731
पंतनगर में लावारिस पशु से टकराने के बाद कांस्टेबल भुवन चंद्र आर्या की मौत की घटना के बावजूद रुद्रपुर और आसपास के इलाकों में बेसहारा पशुओं की समस्या खत्म नहीं हुई है। शहर के कई व्यस्त मार्गों पर पशु अब भी सड़क के बीच या किनारे बैठे और घूमते नजर आ रहे हैं। इससे जहां सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा है, वहीं यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
सोमवार को संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में सिडकुल ढाल, किच्छा रोड, काशीपुर रोड, सिडकुल कट और पंतनगर रोड समेत कई प्रमुख स्थानों पर बेसहारा पशु सड़क पर दिखाई दिए। अचानक सामने आए पशुओं से बचने के लिए वाहन चालकों को तेज ब्रेक लगाने या लेन बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा। कई जगह पीछे से आ रहे वाहनों की रफ्तार भी थम गई और दोनों ओर से ट्रैफिक आने पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
कुछ स्थानों पर वाहन चालकों को खुद सड़क पर उतरकर पशुओं को हटाना पड़ा। खासकर भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों पर सड़क के बीच बैठे पशु किसी भी समय बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। दिन के समय पशुओं के झुंड दिखाई दे रहे हैं, जबकि रात में कम रोशनी के कारण खतरा और बढ़ जाता है।
बेसहारा पशुओं के सड़कों तक पहुंचने की एक बड़ी वजह खुले में पड़ा कूड़ा भी है। बाजार और आबादी वाले इलाकों में सड़क किनारे खाद्य कचरा मिलने से पशु वहीं जमा हो जाते हैं। ऐसे में समस्या के स्थायी समाधान के लिए पशुओं को पकड़ने के साथ-साथ खुले में कूड़ा डालने पर रोक और प्रभावी कूड़ा प्रबंधन भी जरूरी है।
नगर निगम की ओर से लम्बाखेड़ा गांव में आधुनिक गोशाला तैयार की गई है। करीब 45 बीघा जमीन पर 6.50 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस गोशाला में लगभग 2,000 गोवंशों को सुरक्षित रखा जा सकता है। यहां खुले शेड, पीने के पानी की स्वचालित व्यवस्था, चारा भंडारण और बीमार पशुओं के इलाज के लिए चिकित्सालय समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मेयर विकास शर्मा के मुताबिक शहर से लावारिस पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजने का काम किया जा रहा है और जल्द ही नगर निगम क्षेत्र में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन के अनुसार रुद्रपुर, किच्छा, गदरपुर और आसपास के क्षेत्रों से अब तक करीब 200 पशुओं को गोशाला में पहुंचाया जा चुका है।
वहीं, कुछ समय पहले सामाजिक संस्था सारथी फाउंडेशन ने बेसहारा पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान शुरू किया था। इससे रात के समय वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद पशु दूर से दिखाई दे सकते थे, लेकिन फिलहाल यह अभियान बंद है। नगर निगम को इस तरह की पहल दोबारा शुरू करने के साथ नियमित पशु पकड़ने का अभियान भी चलाना होगा।
कांस्टेबल की मौत जैसी घटना के बाद भी अगर बेसहारा पशु सड़कों पर खुलेआम घूमते रहे, तो सवाल सिर्फ यातायात व्यवस्था का नहीं बल्कि लोगों की सुरक्षा का भी है। जरूरत अब अस्थायी कार्रवाई की नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था की है जिससे पशु भी सुरक्षित रहें और सड़क पर चलने वाले लोग भी।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731




