बांग्लादेश इस समय जबर्दस्‍त हिंसा की चपेट में है। आज सोमवार को कई ऐसी खबरें आईं कि प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और सेना के एक हेलिकॉप्टर में सवार होकर देश छोड़ दिया। बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार शेख हसीना के ढाका स्थित आवास गणभवन में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के घुस जाने के बाद उन्हें एक सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा। बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वाकर-उज-जमान ने टेलीविजन पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि देशवासियों को धैर्य से काम लेना चाहिए और शांति बनाए रखनी चाहिए। इस बीच, बांग्‍लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकर उज जमान ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया है। उन्‍होंने कहा कि देश में अब एक अंतरिम सरकार का गठन होगा। बांग्लादेश में विद्यार्थी सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण का विरोध कर रहे हैं। कल पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में लगभग 100 लोगों की मृत्यु हो गई थी और एक हजार से अधिक लोग घायल हो गए थे।