दून दर्शन | मसूरी
मसूरी की मॉल रोड पर वाहन में नीली बत्ती व हूटर का अनधिकृत इस्तेमाल करने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन सीज ही कर दिया। पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से 112 पर सूचना मिली थी कि एक वाहन चालक नीली बत्ती लगाकर व हूटर बजाते हुए हुड़दंग कर रहा है।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली मसूरी की थाना मोबाइल व चीता पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की। जांच के दौरान वाहन पर नीली बत्ती व हूटर का अनधिकृत इस्तेमाल पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम व अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज भी कर दिया।
मसूरी पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहनों पर नीली बत्ती, हूटर, पुलिस की नेम प्लेट, पुलिस लोगो या अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का अनधिकृत इस्तेमाल ही न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
