दिल्ली लाल किला धमाके के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट, राज्यभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
दिल्ली स्थित लाल किले के समीप हुए कार धमाके की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट भी जारी कर दिया है। राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी जिलों में सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों व मॉल्स में सुरक्षा जांच को और भी कड़ा किया गया है।
सभी जिला प्रभारियों व पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गश्त और चेकिंग बढ़ाने व किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया की निरंतर मॉनिटरिंग करने व अफवाहों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
राज्य के सभी जनपदों में चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोल कारें, बम निरोधक दस्ता (BDS) व डॉग स्क्वाड टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। ये टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर तलाशी और चेकिंग अभियान चला रही हैं।
राज्य स्तर पर सभी सुरक्षा गतिविधियों की निगरानी पुलिस मुख्यालय कंट्रोल रूम से ही की जा रही है।
पुलिस महानिदेशक ने प्रदेशवासियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर भी दें।
उत्तराखंड पुलिस ने आश्वस्त किया है कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पर पूर्ण सतर्कता के साथ चौकसी भी बरती जा रही है।




