बदायूं के कादरचौक इलाके में लगने वाले मेला ककोड़ा में कल्पवासियों के डेरे बसने शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही गंगा की कटरी में मेले की रौनक बढ़ने लगी है। बरेली सहित आसपास के जिलों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। कल्पवासी अपने लिए जगह तैयार करने और तंबू लगाने में जुटे हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही मेला क्षेत्र में चहल-पहल और बढ़ने की उम्मीद है।

मेला क्षेत्र में करीब 1200 दुकानें लगती हैं। यहां दो मीना बाजार भी सजाए जा रहे हैं। खान-पान के रेस्टोरेंट, बाल काटने और मुंडन संस्कार से जुड़ी दुकानें, हलवाइयों की दुकानें और सब्जी का बाजार भी लगाया जाता है। इसके अलावा ढोलक, मंजीरे, पूजा-पाठ की सामग्री, पशुओं के सामान, घरेलू जरूरतों और किराने की दुकानें भी पहुंच गई हैं।

शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी मेले की खूबसूरती बढ़ा रही है। छतरीनुमा आकार की लाइटें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बृहस्पतिवार देर शाम गंगा घाट तक रोशनी जगमगाती नजर आई। आने वाले दो दिनों में पूरा मेला क्षेत्र रोशनी से जगमगाने लगेगा।

मान्यता: कार्तिक में गंगा स्नान करने से दूर होते हैं रोग

मेला ककोड़ा में कार्तिक माह के दौरान गंगा स्नान और कल्पवास का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि कार्तिक में गंगा स्नान करने से व्यक्ति रोगमुक्त होता है। मधुसूदनाचार्य ने बताया कि पांच दिन कल्पवास करने के बाद पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने से भी महीनेभर के कल्पवास का लाभ मिलता है। गंगा तट पर दीपदान करने से एक हजार यज्ञ के बराबर फल प्राप्त होने की मान्यता है। इसी धार्मिक आस्था के चलते हजारों श्रद्धालु परिवार सहित यहां कल्पवास करते हैं।

मेला ककोड़ा का विधिवत शुभारंभ कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी से होता है। इसी दिन ककोड़ा देवी मंदिर से झंडी लाकर मेला स्थल पर स्थापित की जाती है। परमात्मा दास ने बताया कि शुक्ल पक्ष की षष्ठी को छठ पूजा का विशेष महत्व है। इसे पुत्रादि देने वाला पर्व माना जाता है। इस दिन सपत्नीक गंगा पूजन का विशेष महत्व रहता है और श्रद्धालु गंगा तट पर कल्पवास करते हैं। अष्टमी को गोपाष्टमी के रूप में गो पूजन किया जाता है, जबकि अक्षय नवमी पर पापों का क्षय होने की मान्यता है। देवोत्थान एकादशी पर गंगा तट पर देव आराधना की जाती है। इस दौरान श्रद्धालु तुलसी विवाह भी करते हैं।

गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व

तुलसी और शालिग्राम की पूजा, शिव पूजन, वैकुंठ चतुर्दशी और भगवान के वैकुंठ धाम से जुड़ी पूर्णिमा का भी विशेष महत्व बताया गया है। पूर्णिमा को मत्स्य भगवान के अवतार का बारहवां दिन माना जाता है। मान्यता है कि स्नान के बाद गंगा में दीपदान करने से एक हजार यज्ञ का फल मिलता है।

पूर्णिमा के दिन चंद्रमा उदय होने पर शिव, प्रीति, अनुसुइया, क्षमा आदि छह कृतियों का पूजन करने से धन-धान्य और यश की प्राप्ति होती है। महर्षि अंगिरा के अनुसार, कार्तिक माह में गंगा स्नान करने से व्यक्ति रोगमुक्त होता है। पांच दिन कल्पवास करने के बाद पूर्णिमा पर स्नान करने से भी महीनेभर के कल्पवास का लाभ मिलने की मान्यता है।

बोले कल्पवासी- मां गंगा का मिलता है आशीर्वाद

सिलहरी निवासी श्रीपाल सिंह पटेल ने मेला ककोड़ा में अपना डेरा लगाया है। उनका कहना है कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से यहां आता रहा है। कुर्मी समाज के लिए यह उत्सव और उत्साह का मेला है। यहां आने से पूरे परिवार को मां गंगा का आशीर्वाद मिलता है।

कासगंज के नगरिया की रेनू जोशी भी परिवार के साथ मेले में पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि उनका परिवार 15 दिनों के लिए झंडी पूजन के समय ही यहां आ जाता है। रिश्तेदार भी मेले में पहुंचते हैं, जिससे सभी के साथ समय बिताने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि ककोड़ा देवी और गंगा मैया की कृपा बनी रहती है और उनके परिवार की कई पीढ़ियां यहां डेरा लगाती आ रही हैं।

ढोल-मजीरों की थाप पर डीजे भारी, बदल रही सांस्कृतिक पहचान

मेला ककोड़ा की पहचान कभी ढोल-मंजीरों की थाप, आल्हा की गूंज और गंगा मैया के भजनों से होती थी, लेकिन बदलते समय के साथ मेले की सांस्कृतिक तस्वीर भी बदलने लगी है। अब तंबुओं से सुनाई देने वाली ढोल-मंजीरों की आवाज की जगह डीजे और आधुनिक म्यूजिक सिस्टम ने ले ली है।

गंगा तट पर लगने वाला यह मेला मूल रूप से ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा रहा है। पहले मेले में आने वाले लोग अपने साथ घर-गृहस्थी के सामान के अलावा ढोल, मंजीरे और दूसरे वाद्य यंत्र भी लेकर आते थे। शाम होते ही तंबुओं में भजन-कीर्तन शुरू हो जाते थे। महिलाएं एक जगह बैठकर गंगा मैया के पारंपरिक गीत गाती थीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के तंबुओं में ठहरे लोग भी वहां पहुंच जाते थे।

मेले में कई जगह आल्हा की दमदार तान सुनाई देती थी। इससे पूरा मेला भक्तिमय और लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आता था। समय के साथ मनोरंजन के साधन बदले तो इसका असर मेले की परंपराओं पर भी दिखाई देने लगा। अब कल्पवासी अपने साथ आधुनिक साउंड सिस्टम और डीजे लेकर पहुंच रहे हैं।

उझानी से आए राजू ने बताया कि शाम होते ही तंबुओं से फिल्मी गानों की आवाज सुनाई देने लगती है। मनोरंजन के साधनों में भी फिल्मी संगीत का बोलबाला है। कई जगह भजन-कीर्तन और लोकगीतों की जगह डीजे पर गाने सुनाई देते हैं। इससे मेले की पुरानी सांस्कृतिक पहचान धीरे-धीरे बदलती नजर आ रही है।

गंगा स्नान के दौरान लापरवाही न करें श्रद्धालु

मेले में पहुंचे गोताखोर मुसाकिर ने बताया कि उनकी टीम अब तक मेला ककोड़ा में 65 लोगों को गंगा में डूबने से बचा चुकी है। स्नान के दौरान कई बार श्रद्धालु पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाते। उत्साह में आगे बढ़ने या तेज बहाव वाले स्थान पर पहुंचने से हादसे की आशंका रहती है। ऐसे समय में उनकी टीम तत्काल मदद के लिए पहुंचती है।

मुसाकिर के मुताबिक, वर्षों से इस काम में जुड़े होने के कारण उन्हें गंगा की धारा और घाटों की स्थिति का अच्छा अनुभव है। श्रद्धालुओं की जान बचाना उनकी टीम की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतें, सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करें और गहरे पानी में जाने से बचें।

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के लगेंगे स्टॉल

गंगा मेला ककोड़ा में पहली बार 43 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार किए गए उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके लिए एनआरएलएम विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और स्टॉल लगाने के लिए जगह का आवंटन भी कर दिया गया है। इन स्टॉलों के माध्यम से समूह की महिलाएं अपने उत्पाद बेचकर आय अर्जित कर सकेंगी।