पौड़ी में प्रसूता और नवजात की मौत पर बवाल, पति ने निजी अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731
पौड़ी मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद देहरादून रेफर की गई प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के पति ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद शहरवासियों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
मृतका के पति रजनीश लिंगवाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने और अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनकी पत्नी और नवजात दोनों की जान चली गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनके साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कोतवाली पहुंचे और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पौड़ी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण गंभीर मरीजों को अक्सर देहरादून या अन्य मैदानी शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में निजी अस्पताल खुलने से लोगों को बेहतर इलाज की उम्मीद जगी थी, लेकिन इस घटना ने उस भरोसे को गहरा झटका पहुंचाया है। लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच गर्भवती महिला का निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई। अत्यधिक रक्तस्राव होने पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे देहरादून रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान प्रसूता ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना में नवजात शिशु की भी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की जांच टीम गठित कर दी है। टीम को पूरे घटनाक्रम, उपचार प्रक्रिया, अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली और चिकित्सा प्रोटोकॉल के पालन की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिल चुकी है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पौड़ी व्यापार सभा के सचिव एवं स्थानीय निवासी देवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि निजी अस्पताल शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि प्रसूति और गंभीर बीमारियों का इलाज अब स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा, जिससे देहरादून और ऋषिकेश की दौड़ कम होगी। लेकिन हालिया घटना के बाद लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731




