उत्तरकाशी में बारिश बनी आफत, बीमार महिला को डंडी-कंडी से 5 किमी पैदल पहुंचाया अस्पताल
Deprecated: preg_split(): Passing null to parameter #3 ($limit) of type int is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-content/themes/jannah/framework/functions/post-functions.php on line 805
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731
उत्तरकाशी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भूस्खलन और मलबा आने से मोरी विकासखंड समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। सड़कें बाधित होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को उठानी पड़ रही है। कई गांवों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को डंडी-कंडी के सहारे कई किलोमीटर पैदल ले जाने को मजबूर हैं, जबकि कई स्थानों पर लोग जान जोखिम में डालकर उफनाते नालों और क्षतिग्रस्त रास्तों से आवाजाही कर रहे हैं।
मोरी विकासखंड के रेक्चा गांव में सड़क बंद होने के कारण एक बीमार महिला को इलाज के लिए करीब पांच किलोमीटर तक डंडी-कंडी के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ा। बताया गया कि गांव निवासी सपना, पत्नी आनंद सिंह, की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजनों ने वाहन बुलाने की कोशिश की, लेकिन पिछले एक सप्ताह से सड़क बंद होने के कारण कोई भी वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका।
इसके बाद ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए महिला को डंडी-कंडी में बैठाकर करीब पांच किलोमीटर दूर बेंचा पुल तक पहुंचाया। वहां से हंस फाउंडेशन की एंबुलेंस के जरिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोरी ले जाया गया। ग्रामीणों के अनुसार महिला का दो माह का शिशु भी है। सीएचसी मोरी के प्रभारी डॉ. नितेश रावत ने बताया कि महिला का इलाज जारी है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
वहीं, मोरी के दूरस्थ कलाप गांव में सोमवार रात हुई अतिवृष्टि के बाद हालात और भी गंभीर बने हुए हैं। गांव के नीचे भू-धंसाव और ऊपर से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण ग्रामीण दहशत में हैं। गांव को जोड़ने वाली सड़क और पैदल मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। पिछले 10 दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति बंद है, जबकि पांच दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। बरसात के मौसम के लिए जरूरी तीन महीने का राशन भी अब तक गांव नहीं पहुंच पाया है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/u948756791/domains/doondarshan.in/public_html/wp-includes/formatting.php on line 4731




