हरिद्वार में बृहस्पतिवार सुबह सर्वानंद घाट के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई है। हालांकि, अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

शहर कोतवाली क्षेत्र में सर्वानंद घाट के पास सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि व्यक्ति की गर्दन के पीछे और गले की तरफ धारदार हथियार से वार किए गए हैं।

पुलिस प्रथम दृष्टया झगड़े या पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जता रही है। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

मृतक के कपड़ों और जूतों से उसके अच्छे परिवार से होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।