देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में एक स्कूल के बाहर युवकों की भीड़ द्वारा दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को बाल पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से पीटते देखा जा सकता है। आरोप है कि दोनों युवक एक स्कूली छात्र को मारपीट से बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे थे, जिसके बाद हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
छात्र को बचाने पहुंचे थे दोनों युवक
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, देव ऋषि एनक्लेव, देहराखास निवासी अंकज अपने साथी विवेक सहनी के साथ लालपुर क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने 15 से 20 युवकों को एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट करते देखा।
आरोप है कि छात्र ने दोनों युवकों से मदद मांगी। जब अंकज और विवेक ने मारपीट कर रहे युवकों से इसकी वजह पूछी, तो वे नाराज हो गए और दोनों पर हमला कर दिया।
बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा, बेल्ट और डंडों से हमला
शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने अंकज और विवेक के साथ मारपीट की। वायरल वीडियो में एक युवक विवेक के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटता दिखाई दे रहा है। वहीं, आसपास मौजूद कई युवक उस पर बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं।
इस मारपीट में विवेक के सिर पर चोट आई। इसके बाद अंकज उसे उपचार के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत के साथ मेडिकल रिपोर्ट और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है।
मोबाइल, चांदी की चेन और 8 हजार रुपये छीनने का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान विवेक का मोबाइल फोन, गले में पहनी चांदी की चेन और जेब में रखे 8 हजार रुपये भी छीन लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पटेल नगर कोतवाली में प्रज्वल, आदित्य गर्ग, आयुष पंडित, तुषार और 15 से 20 अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2) और 309(6) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले में कार्रवाई करते हुए पटेल नगर पुलिस ने आदित्य और प्रज्वल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मारपीट और सामान छीनने से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के दौरान होगी।
