हरिद्वार के रानीपुर थाने में तैनात महिला एएसआई सोनिया को सतर्कता विभाग की टीम ने शनिवार, 10 अक्टूबर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि दो पक्षों के बीच लेनदेन के विवाद में समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में एएसआई ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
सतर्कता विभाग के मुताबिक, टोल फ्री नंबर 1064 पर इस संबंध में शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एएसआई उसके पक्ष में मामला निपटाने के लिए 10 हजार रुपये मांग रही हैं। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता, सेक्टर देहरादून के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई।
इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया। शनिवार को सतर्कता विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एएसआई सोनिया को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
