देहरादून जिले के कालसी तहसील क्षेत्र के कचटा गांव में पत्नी की धारदार हथियार से हत्या करने के आरोपी पति मनोज को राजस्व पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार देर शाम ग्राम प्रहरी और ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को गांव के समीप एक छानी से पकड़ा गया। आरोपी का मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, कचटा गांव निवासी 24 वर्षीय मनोज का अपनी 22 वर्षीय पत्नी नीलू उर्फ नीलम से विवाद हो गया था। आरोप है कि झगड़े के दौरान मनोज ने दरांती से पत्नी पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस वारदात से गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस और नियमित पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई।

शुक्रवार देर शाम ग्राम प्रहरी और ग्रामीणों से सूचना मिली कि आरोपी कचटा गांव के पास एक छानी में छिपा हुआ है। इसके बाद नायब तहसीलदार कालसी रविंदर असवाल और नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया।

नायब तहसीलदार कालसी रविंदर असवाल के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए ग्राम प्रहरियों को सक्रिय किया गया था। ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।

नायब तहसीलदार ने बताया कि तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि वह किसी अन्य व्यक्ति को मार रहा था और गलती से उसकी पत्नी पर धारदार हथियार से वार हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि मनोज और नीलू की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। इस घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।